मतदान के दौरान वोट डालते अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में अधिवक्ताओं ने जमकर मतदान किया। 84 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। सुबह 10 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चला। 6 घंटे में 1268 अधिवक्ताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। सोमवार और मंगलवार को 48 पोस्टल बैलेट से वोट पड़े थे। कुल मतदान 1316 रहा। देर शाम मतगणना शुरू हो गई। यह देर रात तक जारी थी।
कलक्ट्रेट परिसर में स्थित अधिवक्ता संघ सभागार में एल्डर्स कमेटी अध्यक्ष मनमोहन सिंह और सदस्य हरि प्रसाद अवस्थी, हरिभजन गुप्त, चंद्रमोहन कृष्ण मौन और लखन स्वरूप पांडेय की निगरानी में मतदान और मतगणना हुई। मतदान के लिए कुल 12 बूथ बनाए गए थे। प्रत्येक बूथ में 130 मतदाता संबद्ध थे। इल्डर्स कमेटी ने बूथ से लेकर पंजीकरण, बैलेट पेपर वितरण आदि प्रक्रिया के लिए लगभग आधा सैकड़ा अधिवक्ताओं को लगाया था। बड़ी संख्या में ऐसे सदस्यों ने भी मतदान किया जो वकालत (प्रैक्टिस) नहीं करते।
अलबत्ता अधिवक्ता संघ में पंजीकृत हैं। संघ सभागार के बाहर विभिन्न पदों के प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाने का अंतिम समय तक प्रयास और जोड़तोड़ करते रहे। शाम 4 बजे मतदान खत्म हो गया। कुछ देर विश्राम के बाद शाम 6 बजे मतपत्रों की गिनती शुरू हुई। परिणामों की अधिकृत तौर पर घोषणा और विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र वितरण बृहस्पतिवार (7 फरवरी) को संघ सभागार में एल्डर्स कमेटी द्वारा किया जाएगा।