अमर उजाला ब्यूरो
नरैनी/अतर्रा। मंडलायुक्त रामविशाल मिश्र ने तहसील समाधान दिवस में अनुपस्थित अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। खराब हैंडपंपों की जानकारी न दे पाने पर जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) और जल निगम 16वीं शाखा अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) व अतर्रा एसडीएम को फटकारा।
मंगलवार को समाधान दिवस में मंडलायुक्त की मौजूदगी में नरैनी में 169 प्रार्थना पत्र आए लेकिन मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। एक फरियादी की शिकायत पर कमिश्नर ने जिला विकास अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार त्रिवेदी और जल निगम 16वीं शाखा अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार सिंह से खराब हैंडपंपों की जानकारी मांगी। सही जवाब न देने पर दोनों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने ओला प्रभावित गांवों में जाकर बिगड़े हैंडपंपों की सूची तैयार करने और शाम तक रिपोर्ट देने को कहा। उधर, समाधान दिवस में अनुपस्थित जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी रणमत सिंह से स्पष्टीकरण मांगने को कहा। डीआईजी मनोज तिवारी और डीएम दिव्य प्रकाश गिरि व एसपी शालिनी ने अधिकारियों से शिकायतों के तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा। निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाएं। जनता को भी प्रेरित किया जाए। एसडीएम राकेश कुमार, सीओ शोहराब आलम, तहसीलदार दिलीप कुमार आदि रहे।
उधर, अतर्रा तहसील समाधान दिवस में मंडलायुक्त और डीआईजी ने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। इस दौरान 115 प्रार्थना पत्र आए और चार का मौके पर निस्तारण हुआ। एसडीएम प्रह्लाद सिंह से मुख्यमंत्री सर्वहित बीमा योजना के बारे में जानकारी मांगी लेकिन वह कोई जवाब न दे सके। कमिश्नर ने नाराजगी जताई।
-सही जानकारी न रखने पर डीडीओ और एक्सईएन डांटे गए
-अतर्रा और नरैनी में समाधान दिवस में पहुंचे अधिकारी
दो पोकलैंड मशीनें सीज
नरैनी। पुलिस ने जमवारा गांव में खड़ीं दो पोकलैंड मशीनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। कोतवाली के एसएसआई रामआसरे त्रिपाठी ने बताया कि नदी की ओर जाने वाले रास्ते में दोनों मशीनें कई दिनों से खड़ी थीं। पुलिस दोनों मशीनों को थाने ले आई। पोकलैंड मालिक व चालक द्वारा कोई कागजात या दस्तावेज न उपलब्ध कराने पर पुलिस ने एमबी एक्ट की धारा 207 आईपीसी के तहत कार्रवाई की है।
===========