निर्मल भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण को दी गई धनराशि 180 लाभार्थी दबा बैठे। डीपीआरओ ने 15 दिन के अंदर निर्माण की मोहलत दी है वरना लाभार्थियों से ब्याज समेत वसूली होगी। पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कमासिन ब्लाक के लोहिया गांव धुंधुई में वर्ष 2011-12 में 213 लाभार्थियों को शौचालय निर्माण को धनराशि दी गई थी। डीपीआरओ के निरीक्षण में सिर्फ 33 शौचालय बने पाए गए। 180 लाभार्थियों ने रकम खाते से निकालने के बाद निर्माण नहीं कराया।
डीपीआरओ ने पंचायत सचिव रवि कुमार मौर्य से 15 दिन के अंदर शौचालय बनवाने और निर्माण न कराने वाले लाभार्थियों को रिकवरी नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। साथ ही तत्कालीन पंचायत सचिव से लापरवाही पर जवाब-तलब किया गया है।
प्राथमिक विद्यालय का शौचालय खस्ताहाल होने पर तत्काल मरम्मत कराने के आदेश दिए है। लोहिया गांव घोषित होने के बावजूद अभी तक विद्युतीकरण का काम शुरू नहीं हुआ। आंतरिक गलियों व नालियों का निर्माण भी नहीं कराया गया। आरईएस अधिशासी अभियंता को तत्काल नाली व सीसी रोड बनाने को कहा गया है।