बांदा। मनरेगा के 249 कार्यों में सिर्फ सामग्री पर पैसा खर्च किए जाने और कार्यों के अधूरे रहने पर उपायुक्त ने जिले के पांच खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
मनरेगा उपायुक्त आरपी मिश्रा ने कमासिन, तिंदवारी, नरैनी, जसपुरा व बड़ोखर खुर्द ब्लाक के खंड विकास अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा है कि इन ब्लाकों में वित्तीय वर्ष 2017-18 के 49 कार्य व चालू वर्ष में 200 कार्यों में सिर्फ सामग्री पर खर्च हुआ है।
इनमें रोजगार सृजन नहीं किया गया, जबकि प्राथमिकता के आधार पर श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना चाहिए। इसमें लापरवाही हुई है। पूर्व में जांच के निर्देश दिए गए थे। अभी तक जांच रिपोर्ट भी नहीं दी गई। उपायुक्त ने नोटिस में कहा है कि समय से संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर, उपायुक्त ने योजना से श्रमिकों को रोजगार देने में लापरवाही पर महुआ और बिसंडा ब्लाकों के खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी के साथ कहा है कि जल्द ही इसकी रिपोर्ट दी जाए।