बांदा। बांदा-चित्रकूट संसदीय सीट के चुनाव की मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। मतगणना स्थल पर सिर्फ मतगणना कर्मी, पुलिस कर्मी, प्रत्याशी या उनके एजेंट व मीडिया कर्मी ही प्रवेश कर सकेंगे। तिंदवारी रोड मंडी समिति स्थल दोनों ओर से ब्लॉक रहेगा।
मतगणना के लिए तकरीबन 700 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 25 इंस्पेक्टर और 75 सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। इसके अलावा सीआईएसएफ की एक कंपनी (100 जवान) व पीएसी की एक कंपनी (100 जवान) तैनात रहेगी। इनकी दो शिफ्टों में ड्यूटी रहेगी।
इस रूट से नहीं जाएंगे भारी वाहन
तिंदवारी रोड स्थित मंडी समिति में मंगलवार को मतगणना होगी। आम नागरिकों को परेशानी न हो इसके लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है। शहर के महाराणा प्रताप चौक से कालू कुआं तक जाने वाली रोड में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आम नागरिक छोटे वाहनों से आ-जा सकेंगे। इसी तरह से तिंदवारी रोड पर राजस्थान मार्बल से सिर्फ मतगणना कर्मियों, पुलिस, अधिकारियों, प्रत्याशी की गाड़ी ही प्रवेश पा सकेगी। मंडी परिसर के अंदर पुलिस, वीआईपी, मतगणना कर्मियों के वाहनों की पार्किंग रहेगी। उधर, तिंदवारी रोड में छोटा बाईपास से कोई भी गाड़ी मंडी स्थल में प्रवेश नहीं पा सकेगी। इसके अलावा कालूकुआं से बबेरू रोड और महाराणा प्रताप चौक से कानपुर की ओर जाने वाला रास्ता पहले की तरह खुला रहेगा।