बांदा। आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव में शुक्रवार को साइकिल रैली निकाली गई। संगोष्ठी और निबंध प्रतियोगिताएं हुईं। जीआईसी ग्राउंड में साइकिल रैली को एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली का समापन 7.500 किमी दूर स्थित शहीद स्मारक भूरागढ़ दुर्ग में हुआ। यहां शहीदों को याद किया गया और उनके सम्मान में 75 तिरंगे रंग के गुब्बारे उड़ाए गए। संगोष्ठी में स्वतंत्रता आंदोलन में दांडी मार्च की भूमिका तथा राष्ट्रधर्म व राष्ट्रवाद का बखान हुआ। रैली में जीआईसी, जीजीआईसी, सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर आदि स्कूल-कालेजों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। राजकीय महिला महाविद्यालय में स्वतंत्रता आंदोलन में दांडी मार्च की भूमिका विषय पर संगोष्ठी हुई।
इस मौके पर राष्ट्रधर्म व राष्ट्रवाद पर विचार व्यक्त किए गए। प्राचार्य डॉ. दीपाली गुप्ता सहित शिक्षिकाएं व स्टाफ उपस्थित रहा। राजकीय मॉडल कॉलेज, पिपरहरी में सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम विषय पर सेमिनार हुआ। प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने शुरुआत की। संयोजक सुशील कुमार यादव ने कहा कि नमक कानून तोड़ने के लिए महात्मा गांधी ने दांडी मार्च किया था। इस मौके पर डॉ. भूप नारायण सिंह, कनिष्ठ सहायक संदीप सिंह आदि मौजूद थे।