महानगरों से प्रवासी मजदूरों के लौटने का सिलसिला बरकरार है। बुधवार को लौटे लगभग 70 मजदूरों की जिला अस्पताल और मेडिकल कालेज में थर्मल स्क्रीनिंग हुई। उन्हें उनके गांवों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटरों में भेजा गया। उधर, जिला अस्पताल के सात डाक्टरों और पांच स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल जांच के लिए झांसी लैब भेजा गया है।
बांदा पहुंचे करीब 50 मजदूरों का जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। ये मजदूर महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, हैदराबाद, छत्तीसगढ़ आदि से आए हैं। इसके अलावा 19 अन्य मजदूरों का मेडिकल कालेज में चेकअप हुआ। ये सभी सूरत से आए हैं। उधर, तिंदवारी पीएचसी के आयुष चिकित्सक के पॉजिटिव होने पर जिला अस्पताल के डाक्टरों और स्टाफ में भी हड़कंप है।
दो दिन पूर्व आई 10 पॉजिटिव रिपोर्ट में तीन मरीजों की जांच जिला अस्पताल में हुई थी। इन्हीं सब के मद्देनजर जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ.एसडी त्रिपाठी, डॉ.एके राजपूत व डॉ.हृदयेश पटेल, सर्जन डॉ.एसबी दोहरे, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.टीआर सरसैय्या, ईएमओ डॉ.विनीत सचान व डॉ.अभिषेक प्राणायामी सहित एक वार्ड ब्वाय और दो नर्सिंग स्टाफ व दो स्वीपर का बुधवार को मेडिकल कालेज में सैंपल लिया गया है। इसे जांच के लिए भेजा गया है।