बांदा। यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के लिए जिले में 65 परीक्षा केंद्रों पर मोहर लग गई है। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 43265 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार एक परीक्षा केंद्र बढ़ा है, जबकि परीक्षार्थियों की संख्या में मामूली अंतर है। बोर्ड ने आपत्तियों के निस्तारण के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी है।
यूपी बोर्ड ने पहले जिले में 67 परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी की थी। इस पर 53 आपत्तियां आई थीं। जिला स्तरीय समिति ने आपत्तियों का निस्तारण कर संशोधित सूची बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की थी। अब बोर्ड ने 65 केंद्रों की अंतिम सूची जारी की है। इसमें आभा सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरहट, रामसजीवन इंटर कॉलेज कलवरिया, जबरापुर और खप्टिहाकलां इंटर कॉलेज को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं, राजकीय हाईस्कूल बड़ोखर खुर्द, चहितारा, अमलीकौर, गुमाई और रानीपुर को सूची से बाहर कर दिया गया है।
-
इस बार 242 परीक्षार्थी अधिक
इस वर्ष हाईस्कूल में 24,191 और इंटरमीडिएट में 19,074 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल संख्या 43,265 है। वर्ष 2026 की परीक्षा में हाईस्कूल के 23,188 और इंटरमीडिएट के 19,835 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। पिछले वर्ष कुल 43,023 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस बार 242 परीक्षार्थी अधिक हैं। पिछले वर्ष जिले में 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार इनकी संख्या बढ़ाकर 65 कर दी गई है।
-
वर्जन
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 65 केंद्र की सूची फाइनल हुई है। अनंतिम सूची पर आपत्ति दर्ज कराने वाले पांच विद्यालयों को सूची से बाहर कर दिया गया। नए तीन विद्यालयों को शामिल किया गया है। - दिनेश चंद्र, डीआईओएस
-