बांदा। बृहस्पतिवार की रात मौसम ने फिर करवट ली। शाम से शुरू हुई बारिश और बूंदाबांदी पूरी रात जारी रही। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में लगभग 63 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। शुक्रवार को लगभग पूरे दिन कोहरा रहा। हालांकि शीतलहर में कमी और तापमान में कुछ इजाफे से राहत महसूस की गई। हमीरपुर सहित मंडल के कुछ जनपदों के कई गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। इससे यहां की फसलों को नुकसान पहुंचा। हालांकि राजस्व विभाग बारिश से फसलों को नुकसान की बात से इनकार कर रहा है।
मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जताया था कि 2 जनवरी को बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को दिन तो बादल और धूप के बीच बीता, लेकिन शाम होते ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। रात करीब 11 बजे यह तेज बारिश में बदल गई। तड़के तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 19 डिग्री रिकार्ड किया गया।
बांदा स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के अवर अभियंता अमित कुर्डिया के मुताबिक बीती रात बांदा में 21, हमीरपुर में 17, महोबा में 12 व चित्रकूट में 13 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। कई गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। उधर, एडीएम संतोष बहादुर सिंह (बांदा) का कहना है कि राजस्व विभाग व कृषि विभाग के फौरी तौर पर किए गए सर्वे में बांदा जिले में फसलों को बारिश से कोई नुकसान नहीं हुआ है। यहां ओलावृष्टि नहीं हुई है।
फसलों के लिए बारिश ‘संजीवनी’
बांदा। उप निदेशक (कृषि) एके सिंह का कहना है कि फसलों के लिए इससे कोई नुकसान नहीं है। अलबत्ता अरहर में जहां फूल आ गए हैं वह कुछ प्रभावित हो सकती है। चना व मसूर में फूल नहीं हैं। इसलिए नुकसान नहीं, बल्कि फायदेमंद है। गेहूं के लिए भी यह बारिश लाभकारी है। यदि ऐसा ही वातावरण सप्ताह भर रहा तो चना व मसूर को कुछ नुकसान हो सकता है। अरहर में पाला की संभावना थी, लेकिन बारिश से यह फिलहाल टल गई है।
ठंड से युवक की मौत
बांदा। ठंड से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शहर में वह सड़क में पड़ा था। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि कर देने से शव को मच्र्युरी में रखा दिया गया। शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर, ठंड से कई बीमार हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।