बांदा। परिषदीय स्कूलों में अब शिक्षक बच्चों को शिक्षा और उनके अभिभावकों को सरकारी योजनाओं का सबक देंगे। हर स्कूल में विशेष काउंटर खोलकर शिक्षक स्वच्छता, जीएसटी, आयकर रिटर्न आदि के लिए प्रेरित करेंगे।
शासनादेश का हवाला देकर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम बहादुर द्वारा संयुक्त शिक्षा निदेशक और सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को जारी पत्र में इस बाबत जानकारी और निर्देश दिए हैं। कहा है कि परिषद के प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में काउंटर खोलकर अभिभावकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक और प्रेरित किया जाएगा। शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई के साथ यह काम भी अंजाम देना होगा।
काउंटर के जरिये अभिभावकों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, जीएसटी, आयकर रिटर्न भरने, मतदाता सूची संशोधन, सूचना का अधिकार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, पुष्टाहार, पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेस आदि की जानकारी देंगे और इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेंगे।
काउंटर पर विधवा, दिव्यांग, वृद्धा पेंशन, आवास, शौचालय आदि के आवेदन भरने व खसरा-खतौनी की नकल देने सहित सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था होगी। इसके लिए शिक्षकों को एक कंप्यूटर दिया जाएगा। बिजली व नेट खर्च सरकार वहन करेगी। स्कूल में एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा।
अभिभावक काउंटर से शिक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। शिक्षकों पर सरकार ने भरोसा किया है। पढ़ाई के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का भी काम होगा। -मनोज कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक, चित्रकूटधाम मंडल।