बांदा। 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का सोमवार को समापन हो जाएगा। पूर्व संध्या में पंडाल आयोजकों ने आकर्षक झांकियां सजाईं। कई स्थानों पर प्रसाद बांटा गया। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी नगर ने केन नदी घाट में विसर्जन तैयारियों का जायजा लिया।
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार करीब 30 से ज्यादा गणेश पंडाल सजे। रविवार को महोत्सव की पूर्व संध्या पर पंडाल और घरों में गणेश भक्तों ने हवन-पूजन किया। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के उद्घोष भी गूंजे। कई घरों में भी पूजन हुआ। झांकी सजाने की होड़ रही।
महाराणा प्रताप चौक स्थित गणेशाय नवयुवक समाज ने प्रसाद बांटा। अध्यक्ष सूरज गुप्ता, महेश सिंह परिहार, आशीष, छोटा, पंकज, पिंटू, नीरज, शुभम, पवन, अन्नू रघुवंशी, भोला, सूरज, महेश आदि व्यवस्था संभाले रहे। झंडा चौराहा, पद्माकर चौराहा, खुटला, छाबी तालाब, बाकरगंज, बिजलीखेड़ा, बंगालीपुरा आदि पंडालों में भी धार्मिक कार्यक्रमों की होड़ रही।
उधर, सोमवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर सिटी मजिस्ट्रेट रमेशचंद्र तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक शोहराब आलम, नगर पालिका ईओ वीके श्रीवास्तव व सफाई निरीक्षक हरीशंकर निरंजन ने केन घाट का निरीक्षण किया। विसर्जन के लिए 2-2 नावें जोड़कर आठ नावें लगाई गईं। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि एहतियात के तौर पर स्टीमर और गोताखोर तैनात रहेंगे।
-महोत्सव की पूर्व संध्या पर खूब बंटा प्रसाद
-पंडाल आयोजकों में रही आकर्षक झांकी की होड़
-विसर्जन आज, अफसरों ने किया केन घाट का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो