बांदा। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की तर्ज पर चित्रकूटधाम मंडल में अब परिषदीय स्कूलों के पुरातन और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। यह पहल मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने की है। उनके निर्देश पर मंडल के चारों बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर में सोमवार को परिषदीय विद्यालयों में पुरातन छात्र सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
चित्रकूटधाम मंडल के 1904 स्कूलों में आयोजित समारोह में 5903 पुरातन मेधावी छात्र-छात्राओं को वरिष्ठ अफसरों ने सम्मानित किया। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने बेसिक शिक्षा परिषद के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में यह नया कार्यक्रम शुरू कराया है। शुरुआत पहली फरवरी को एक साथ पूरे मंडल में हुई। बांदा में 1729 स्कूलों में 80 विद्यालयों में सम्मान समारोह आयोजित हुए। इनमें 500 पुरातन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
चित्रकूट में 1289 स्कूलों में से 855 विद्यालयों में आयोजित सम्मान समारोह में 1527 छात्र-छात्राएं सम्मानित किए गए। हमीरपुर में सभी 969 विद्यालयों में यह समारोह आयोजित हुए। यहां 3876 पुरातन मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मंडलायुक्त के निर्देश पर हरेक समारोह के लिए अलग-अलग अधिकारी नियुक्त किए गए थे। इन्हीं अधिकारियों ने पुरातन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।