दिल्ली से आए मजदूर जिला अस्पताल में चेकअप के लिए लाइन लगाए।
- फोटो : BANDA
बांदा। रेल और बस सेवा बंद होने के बाद महानगरों से सैकड़ों किलोमीटर दूर पैदल चलकर मजदूरों का अपने-अपने घरों में पहुंचना जारी है। शनिवार को भी दिल्ली, बिहार और अलीगढ़ से करीब 57 मजदूर अपने-अपने घरों को पहुंचे। इन सभी का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
कोविड-19 संक्रमण न पाए जाने पर एहतियातन उन्हें होम क्वारंटीन की सलाह देकर गांवों को रवाना किया गया है। दूसरे सूबों से चलकर मजदूर कड़ी मशक्कत के बाद यहां पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को 21 मजदूरों को जत्था पहुंचा था। उन्हें भी होम क्वारंटीन में भेजा गया है। शनिवार को बिहार और दिल्ली से मजदूर लौटे। दिल्ली वाले मजदूर कानपुर के रास्ते से आए हैं, जबकि बिहार वाले प्रयागराज होकर यहां पहुंचे।
मजदूरों के चेहरों पर पैदल चलने की थकान साफ नजर आ रही थी। ट्रामा सेंटर में इनको एक-एक मीटर की दूरी पर खड़ा कर पंक्तिबद्ध कर डॉक्टर हृदयेश पटेल और डॉक्टर एसडी त्रिपाठी ने स्वास्थ्य परीक्षण किया।
फौरीतौर पर कोविड-19 जैसा कोई संक्रमण न मिलने पर डाक्टरों ने उन्हें घरों में ही अकेले रहने की हिदायत देकर रवाना कर दिया। संक्रमण न होने की पुष्टि जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर एसएन मिश्र ने भी की।