बांदा। स्टेट हाईवे पर बुधवार की सुबह तकरीबन नौ बजे बेकाबू डंपर की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। चालक डंपर छोड़कर भाग गया।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव से किराना व्यवसायी उपेंद्र द्विवेदी (26) पुत्र गोरेलाल अपनी बाइक पर दुकान का सामान लेने बांदा आ रहा था। रास्ते में उसे बांदा शहर के मुक्तिधाम निवासी राजकुमार (35) पुत्र चंद्र प्रकाश मिल गया और बांदा आने के लिए उसकी बाइक पर बैठ गया।
राजकुमार पदारथपुर गांव में निर्माणाधीन मंदिर में मजदूरी कर रहा था। कुछ दूरी पर चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा और अतरहट गांवों के बीच चिल्ला की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
दोनों दूर तक सड़क पर घिसटते चले गए। कुछ देर तड़पने के बाद दोनों ने वहीं दम तोड़ दिया। बाइक चालक उपेंद्र हेलमेट लगाए था। वह भी टूट गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। चालक कुछ दूरी पर डंपर खड़ा करके भाग गया।
मौके पर पहुंची चिल्ला थाने की पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। चिल्ला थाना इंस्पेक्टर राकेश पांडेय ने बताया कि डंपर फतेहपुर का है। उसे कब्जे में ले लिया गया है। फिलहाल किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।