पियार ग्राम पंचायत में मनरेगा से चल रहे मेड़बंदी के काम में पंचायत सचिव और पंचायत मित्र द्वारा मजदूरी में कटौती पर मजदूर भड़क उठे। सचिव पर पक्षपात का आरोप भी लगाया। मजदूरों का कहना था कि पंचायत सचिव के निर्देश पर पंचायत मित्र ने जॉब कार्ड बनवाने के लिए 500 रुपये की वसूली की।
उधर, मेड़बंदी में खुदाई जा रही खंती में मजदूरी में कटौती कर दी। सरकारी दरों के मुताबिक पति-पत्नी द्वारा मिलकर खुदाई करने पर 402 रुपये मजदूरी मिलती है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्रधान, सचिव और पंचायत मित्र पिछले 15 दिनों से खंती की नाप को टाल रहे हैं। बारिश हो गई हो तो इसमें घपला होगा। मजदूरों ने सचिव और पंचायत मित्र को खरी खोटी भी सुनाई।
मजदूर ओमनाथ, लखन, शंकर, शत्रुघ्न, अमरजीत, मुन्ना, बाबादीन, जितेंद्र, लाला, उमेश, खिलावन, छोटू, देवराज आदि ने कहा कि कड़ी धूप में दिन भर फावड़ा चलाने से हाथ में छाले पड़ जाते है। उधर, पंचायत सचिव अनुज पटेल का कहना है कि नौ मेड़बंदी के काम चल रहे हैं।
स्टीमेट में देरी होने से खंती नाप करने में देर हो जाती है। कहा कि मुखियनपुरवा के मजदूरों के कामों की सही नाप कराकर भुगतान किया जाएगा। अवैध वसूली से इंकार किया। उधर, एसडीएम जेपी यादव ने कहा कि शिकायत आई तो जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।