बुंदेलखंड के रोजेदार लगभग पूरी दुनिया के रोजेदारों को मात दे रहे हैं। सऊदी अरब, पाकिस्तान और ईराक सहित कई मुस्लिम और अन्य मुल्कों के मुकाबले यहां के रोजेदारों को सबसे ज्यादा तपिश बर्दाश्त करनी पड़ रही है। उनके रोजे की अवधि भी कई मुल्कों से ज्यादा है।
इस्लामी कलेंडर का 9वां महीना रमजान होता है। अबकी यह मई में शुरू हुआ है। 10 रोजे बीत चुके हैं। शुक्रवार को 11वां रोजा था। पूरे बुंदेलखंड में इन दिनों तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच चल रहा है।
गर्म हवाएं इसे और तकलीफदेह बना रही हैं, फिर भी रोजदार डिग नहीं रहे। तड़के पौने चार बजे से शाम पौने सात बजे तक 15 घंटे का रोजा रख रहे हैं। मई में सऊदी अरब और ईराक जैसे रेगिस्तानी मुल्कों में भी इतनी तपिश नहीं है, जितनी बुंदेलखंड में है।
शुक्रवार (17 मई) को सऊदी अरब का अधिकतम तापमान 35 डिग्री था। ईरान में 30, पाकिस्तान में 29, बंगलादेश में 32, मलेशिया में 33, इंडोनेशिया में 32 और अमेरिका के वाशिंगटन में 28, जापान के टोकियो में 23 और नेपाल के काठमांडू में 28 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा,
लेकिन बुंदेलखंड में शुक्रवार को भी पारा 42 डिग्री के पार था। रोजेदारों ने तड़के 3:52 बजे सहरी पानी के कुछ घूंट पिए थे। इसके बाद शाम 6:50 बजे इफ्तार में उनको पानी मयस्सर हुआ।
इनसेट...
हर साल 10 दिन पहले आ जाता है रमजान
बांदा। इस्लामी कलेंडर के महीने चांद के आधार पर चलते हैं। हर साल इनमें 10 दिन का अंतर आता है। रमजान माह हर वर्ष 10 दिन पहले आ जाता है। इस वर्ष 7 मई से रमजान शुरू हुआ है। अगले वर्ष 2020 मेें 10 दिन और कम होकर अप्रैल के आखिरी हफ्ते में शुरुआत होगी। मई, जून, जुलाई आदि महीनों के रोजे लंबे होते हैं। रोजे की सबसे कम अवधि दिसंबर और जनवरी में रहती है। तब 12 घंटे के आसपास होते हैं। ब्यूरो
चार्ट
देश सहरी इफ्तार रोजे के घंटे
भारत 3:52 6:50 14 घंटे 58 मिनट
पाकिस्तान 3:17 7:18 16 घंटे
सऊदी अरब 3:59 7:07 15 घंटे 6 मिनट
ईराक 2:58 7:12 16 घंटे 10 मिनट
ईरान 3:49 8:20 16 घंटे 8 मिनट
अमेरिका 3:57 8:33 16 घंटे 30 मिनट
मलेशिया 5:33 7:25 13 घंटे 8 मिनट