जिला पंचायत सदस्य के आरक्षण को लेकर 14 वार्डों में 35 आपत्तियां दर्ज की गईं हैं। 16 वार्डों में किसी ने आपत्ति नहीं की। बीडीसी में सिर्फ आठ वार्डों में गलत आरक्षण की आपत्ति की गई है। 13 सितंबर को इनका निस्तारण होगा।
सबसे अधिक 9 आपत्तियां वार्ड-4 में दर्ज की गईं। वार्ड-9, 10 व 21 के लिए संयुक्त रूप से 10 आपत्तियां दर्ज कराईं गईं। वार्ड-2 में दो और वार्ड-22, 23, 25 व 26 के लिए संयुक्त रूप से तीन शिकायती पत्र प्रस्तुत किए गए। वार्ड-3, 8, 11, 13 व 15 के लिए एक-एक और सामूहिक रूप से पांच आपत्तियां दर्ज हैं।
16 वार्डों से कोई आपत्तियां नहीं आईं। क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) वार्डों के आरक्षण को लेकर किसी ने ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। 761 वार्डों में सिर्फ आठ आपत्तियां दर्ज की गईं।
इनमें क्षेत्र पंचायत बड़ोखर खुर्द व बिसंडा में एक-एक और महुआ, जसपुरा व तिंदवारी में दो-दो शिकायतें दर्ज कराईं गईं। कमासिन, नरैनी और बड़ोखर खुर्द क्षेत्र पंचायत वार्डों के आरक्षण में आपत्ति नहीं की।
डीपीआरओ रणधीर सिंह ने बताया कि 13 सितंबर को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आपत्ति दर्ज कराने वाले साक्ष्य के साथ अपना पक्ष रख सकेंगे। निस्तारण के बाद 14 सितंबर को आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।