अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। किसानों की कर्जमाफी और उन्हें तमाम सहूलियत देने की बातों के बीच बुंदेलखंड के 10 कर्जदार किसानों के ट्रैक्टर फिर नीलाम किए जाने की तैयारी है। शुक्रवार को इसकी नोटिस जारी कर दी गई। कुल 16 किसानों के ट्रैक्टर 16 अक्तूबर को सिर्फ दो घंटे में नीलाम होंगे। इनमें 10 किसान चित्रकूटधाम मंडल के हैं। उन पर 60 लाख 92 हजार रुपये बकाया है।
11 सितंबर को प्रदेश सरकार के मंत्री ने मंडल मुख्यालय में 5100 किसानों को कर्जमाफी के प्रमाणपत्र बांटे थे। उसके ठीक अगले ही दिन भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने नीलामी नोटिस जारी कर दी। छह माह के अंदर बुंदेलखंड के किसानों पर बैंक की यह दूसरी नीलामी कार्रवाई है।
भारतीय स्टेट बैंक के बांदा क्षेत्रीय कार्यालय ने शुक्रवार को अखबार में नीलामी नोटिस प्रकाशित कराई है। इसमें कुल 16 किसानों के कृषि ट्रैक्टर नीलाम किए जाने की सूचना दी गई है। इनमें 10 किसान चित्रकूटधाम मंडल के हैं। बांदा के छह, हमीरपुर के तीन और चित्रकूट के एक किसान का ट्रैक्टर ई-नीलामी से नीलाम होगा। बैंक ने इसके लिए 16 अक्तूबर को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक का समय जारी किया है।
अन्य छह किसान पड़ोसी जनपद फतेहपुर के हैं। इनके भी ट्रैक्टर नीलाम होंगे। इन सभी किसानों ने खेती के लिए ट्रैक्टर खरीदे थे।
खास बात यह है कि 11 सितंबर को मंडल मुख्यालय बांदा में समारोह में प्रदेश के काबीना मंत्री धर्मपाल सिंह ने 5100 किसानों को कर्जमाफी के प्रमाणपत्र बांटे थे। इस समारोह के ठीक अगले दिन 12 सितंबर को एसबीआई के बांदा क्षेत्रीय कार्यालय ने कर्जदार किसानों के ट्रैक्टर नीलाम करने की नोटिस जारी कर दी।
-स्टेट बैंक ने जारी की कर्जदार किसानों को नोटिस
-60 लाख रुपये से ज्यादा कर्जदार हैं किसान
-अगले माह सिर्फ दो घंटे में नीलाम हो जाएंगे ट्रैक्टर
-छह माह के अंदर नीलामी की दूसरी कार्रवाई