बांदा। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस विभाग में निरीक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
एक जिले में तीन साल या इससे अधिक समय से तैनात निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजने की तैयारी है। बांदा में ऐसे 28 निरीक्षक चिह्नित किए गए हैं। इनके स्थान पर दूसरे जिलों से निरीक्षकों की तैनाती होगी।
बांदा जिले में वर्तमान में करीब 41 निरीक्षक थानों और विभिन्न पुलिस शाखाओं में तैनात हैं। इनमें से 28 निरीक्षक ऐसे हैं, जो जिले में तीन साल या इससे अधिक समय से सेवाएं दे चुके हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानांतरण की कवायद शुरू हुई है।
पुलिस विभाग ने संबंधित निरीक्षकों का कार्यकाल खंगालकर सूची तैयार कर ली है। तबादले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के कई थानों और पुलिस शाखाओं में नए निरीक्षकों की तैनाती होगी।
वहीं, बांदा से जाने वाले निरीक्षकों को दूसरे जिलों में जिम्मेदारी मिलेगी। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि जिले में करीब 28 निरीक्षक तीन साल या इससे अधिक समय तक तैनाती की अवधि पूरी कर चुके हैं। स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)