बांदा। रंगदारी मांगने व विरोध करने पर जान से मारने का प्रयास करने वाले वांछित आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी पर हत्या का प्रयास, गैंगस्टर समेत 12 मामले दर्ज हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ला रोड श्रीनाथ बिहार के पास पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहाकलां गांव निवासी मोहित उर्फ छोटा शुक्ला ने 27 दिसंबर को बांदा से टेंपों से खप्टिहाकलां गांव जा रहे अभय सिंह से रंगदारी मांगी थी। न देने पर जान से मारने का प्रयास किया था। इस संबंध में पीड़ित अभय ने मोहित के खिलाफ शहर कोतवाली में रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रकरण में वांछित आरोपी मोहित के गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सोमवार को मोहित के ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।