अतर्रा। गौतम बुद्ध सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित 11वें आदर्श सामूहिक विवाह में भव्य तैयारियों के बीच एक ही मंडप में 25 जोड़ों के विवाह की रस्म पूरी हुई।
रविवार को यहां तथागत सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में सजाए गए पंडाल में सामूहिक विवाह का भव्य नजारा रहा। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने सभी जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए गौतम बुद्ध के रास्ते पर चलकर गृहस्थ जीवन बीताने की प्रेरणा दी।
कहा कि पति-पत्नी को एक दूसरे के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। सामूहिक विवाह का मकसद फिजूलखर्ची रोकना है। उन्होंने कहा कि हर सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। कोई धर्म गलत नहीं है।
सामूहिक विवाह में धम्म रक्षित जागेश्वर कुश्वाहा, बुद्धाचार्य रामप्रताप कुशवाहा, भंते प्रज्ञानंद (मेरठ) ने बौद्ध प्रतिमा को साक्षी मानते हुए जोड़ों को शपथ दिलाई और अन्य रस्में पूरी कीं। बुद्ध सेवा समिति और जन अधिकार पार्टी ने वर वधू को जेवर व अन्य उपहार दिए।
समारोह में समिति अध्यक्ष विजय बहादुर कुशवाहा, पूर्व मंत्री की मा महादेवी, शिवचरण कुशवाहा, गया प्रसाद, गिरधारीलाल, राजबहादुर कुशवाहा, रवि कुशवाहा, धनीराम बलदानी, रामप्रताप, रामभवन, मोहनलाल वर्मा, अशोक वर्मा भी मौजूद रहे।