अतर्रा। कस्बे के पीजी कॉलेज परीक्षा नोडल केंद्र में रविवार को पंजीकृत 1410 छात्र छात्राओं में से 1387 छात्रों ने परीक्षाएं दीं, जबकि 23 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी ने औचक निरीक्षण करते हुए परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं को जांचा परखा।
कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. सतीश श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 7 से 9 बजे प्रथम पाली में कुल पंजीकृत 421 में 420 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि एक परीक्षार्थी गैरहाजिर रहा। दूसरी पाली में पंजीकृत 397 में 394 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, तीन परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। तीसरी पाली में पंजीकृत 592 में 573 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। 19 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से आए क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मुरलीधर राम ने तीसरी पाली में सभी परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण किया।
कॉलेज कार्यालय में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। उन्होंने अपने सामने उड़नदस्ता टीम के द्वारा संदिग्ध प्रतीत होने वाले छात्र-छात्राओं की तलाशी भी कराई। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज प्राचार्य पीपी पुरवार को नकल विहीन परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से कराए जाने के निर्देश दिए।