बांदा। सर्व शिक्षा अभियान के तहत परिषदीय स्कूलों में बच्चों को 15 अगस्त से पहले यूनिफार्म देने की कवायदें शुरू हो गईं। चित्रकूटधाम मंडल में परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले 5.30 लाख छात्र-छात्राओं को यूनिफार्म के लिए शासन ने 23.89 करोड़ का बजट जारी किया है।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि शासन ने मंडल के लगभग 7000 परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले 5,30,203 बच्चों की दो सेट यूनिफार्म के लिए 31.81 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है।
पहली किस्त के रूप में 75 फीसदी धनराशि 23.89 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। जनपद, विकास खंड व स्कूल स्तर पर समिति का गठन कर उसकी निगरानी में ड्रेस तैयार कराई जाए।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 15 अगस्त से पहले परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले बच्चों को यूनिफार्म का वितरण किया जाए। प्रत्येक विद्यालयों में बच्चों को 600 रुपये कीमत की दो सेट यूनिफार्म दी जाएगी। फिलहाल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में यूनिफार्म वितरण नहीं किया जाएगा।
इनसेट
यूनिफार्म के लिए जारी बजट (लाख में)
जिला छात्र/छात्राए स्वीकृत बजट जारी बजट
बांदा 2,11,695 1270.170 952.62750
चित्रकूट 1,32,752 796.512 597.38400
हमीरपुर 1,00,419 602.514 451.88550
महोबा 85,337 512.002 384.01650
योग 5,30,203 3181.198 2389.9135
वर्जन...
जल्द स्कूलों को यूनिफार्म की धनराशि आवंटित की जाएगी। 15 अगस्त से पहले यूनिफार्म तैयार कर छात्र-छात्राओं को वितरित कराई जाएगी।-अरविंद अस्थाना, जिला समन्वयक, सर्व शिक्षा अभियान, बांदा।