बांदा। प्रदेश की सत्ता गवां बैठी सपा का परचम अब पंचायतों से भी उतरने लगा है। पर्दे के पीछे से भाजपा पूरी तैयारी में है। पिछले वर्ष फरवरी माह में क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव हुए थे। चित्रकूटधाम मंडल में सत्तारूढ़ सपा की एकतरफा बयार बही। 24 में 21 ब्लाक प्रमुख सपा के चुने गए। इनमें 10 का निर्विरोध चुनाव हुआ था। बांदा के बड़ोखर में भाजपा और हमीरपुर के कुरारा ब्लाक में बसपा की जीत हुई थी।
पंचायतों के चुनाव में सत्तारूढ़ दल का हमेशा पलड़ा भारी रहा है। बसपा सरकार में भी यही हुआ। अब भाजपा की बारी है। फरवरी 2016 के चुनाव में चित्रकूटधाम मंडल में बांदा के 8 ब्लाकों में सिर्फ महुआ ब्लाक में सपा की शशि यादव निर्विरोध चुनी गईं थी। बाकी सीटों पर चुनाव हुआ था।
बड़ोखर खुर्द ब्लाक में विशंभर सिंह लालू विजयी रहे। अन्य सभी सीटों पर सपा का कब्जा हुआ। हमीरपुर के सात ब्लाकों में सुमेरपुर में चुनाव हुआ था। शेष छह ब्लाकों में निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुने गए थे। कुरारा में बसपा की सरोज अहिरवार जीती थीं और शेष सीटों पर सपा ने कब्जा किया था।
महोबा की चारों सीटों पर सपा के प्रत्याशी जीते थे। चित्रकूट के सभी पांच ब्लाकों में सपा का कब्जा है। हालांकि यहां तीन ब्लाकों में अविश्वास की नोटिस दी जा चुकी है। इनमें कर्वी, मऊ और मानिकपुर ब्लाक शामिल हैं। कर्वी ब्लाक में अविश्वास नोटिस को हाईकोर्ट ने स्टे कर दिया है। अन्य ब्लाकों की नोटिस विचाराधीन है। माना जा रहा है कि बांदा के बाद अब चित्रकूट में सपा को झटका लगेगा।
-24 में 21 ब्लाकों में जमाया था सपा ने कब्जा
-बांदा के बाद चित्रकूट में अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो