अतर्रा। पेट्रोलपंप में घटतौली व अधिक वसूली का विरोध करने पर पेट्रोल पंप कर्मियों ने किसानों से अभद्रता की। भड़के किसान पंप से जुलूस की शक्त में तहसील आए और विरोध-प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को कुछ किसान बिसंडा रोड स्थित पेट्रोल पंप में डीजल लेने गए थे। किसानों का आरोप है कि घटतौली और दाम अधिक वसूली का विरोध करने पर पेट्रोल पंप कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की। इससे किसान भड़क उठे और नारे लगाते हुए तहसील आ गए।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि पेट्रोल पंप में खुलेआम घटतौली की जा रही है और दाम अधिक लिए जा रहे हैं। सेल्समैन व पंप मालिक किसानों के साथ बदसलूकी करते हैं। किसानों ने कहा कि एक तरफ बारिश कम होने से किसान परेशान हैं। उनकी धान की फसलें सूख रही हैं।
दूसरी तरफ पेट्रोल पंपों में डीजल में घटतौली की जा रही है। आरोप लगाया कि इसमें आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की भी मिलीभगत है। जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और घटतौली पर अंकुश लगाने की मांग की। उप जिलाधिकारी ने किसानों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रदर्शन में किसान छोटा गर्ग, नंदी यादव, कमलेश, छोटा यादव, रामजी आदि मौजूद रहे। उधर, पेट्रोल पंप मालिक अरुण कुमार गुप्ता ने आरोपों को गलत बताकर कहा कि कुछ लोग साजिशन उन्हें फंसाकर बदनाम करना चाहते हैं। जांच करा ली जाए। सब कुछ साफ हो जाएगा।
-निर्धारित मूल्य से ज्यादा वसूली का आरोप
-पंप मालिक ने आरोपों को बताया गलत
अमर उजाला ब्यूरो