बांदा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) परीक्षाएं शनिवार 2 मार्च से शुरू होंगी। मंडल मुख्यालय के प्रमुख परीक्षा केंद्र सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सात स्कूलों के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस परीक्षा केंद्र में इंटर और हाईस्कूल के कुल 694 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
परीक्षा रोजाना एक पाली में सुबह 10.30 से दोपहर 1.30 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र अधीक्षक/प्रधानाचार्य फादर सुसई रथिनम ने बताया कि 21 कक्षों में सीटिंग प्लान किया गया है। 80 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। हर कमरे में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि उनके विद्यालय में इंटर के कुल 227 परीक्षार्थी हैं। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय, दुरेड़ी के 38, सेंट जेवियर्स हाईस्कूल के 49, विद्यावती निगम पब्लिक स्कूल के 136, राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल के 7 परीक्षार्थी शामिल हैं। इसी तरह हाईस्कूल में 467 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय के 41, सेंट जेवियर्स के 122, संत तुलसी पब्लिक स्कूल के 61, विद्यावती निगम पब्लिक स्कूल के 169, वासुदेव मेमोरियल इंटर कालेज, बबेरू के 44, आश्रम पद्धति विद्यालय के 12 और गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के 18 परीक्षार्थी शामिल हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि उनके स्कूल के परीक्षार्थी तथागत ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल अतर्रा में परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 209 और इंटर के 173 विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा की शुरुआत इंफार्मेशन टेक्नालॉजी और इंगलिश विषयों के प्रश्नपत्रों से होगी। अंतिम प्रश्नपत्र 6 अप्रैल को होगा।