बांदा। तेरहवीं संस्कार से लौट रहे बाइक सवार चाचा और भतीजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों ही पशु व्यापारी थे। किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद डाला और भाग निकला। पुलिस ने आनन-फानन उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
कमासिन कस्बा निवासी राकेश खटिक (37) और उसका भतीजा प्रमोद (25) पुत्र रामकुमार खटिक किसी खानदानी के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने कौशांबी जिले के आकिल सराय कस्बा बाइक से गए थे। शनिवार की शाम दोनों एक ही बाइक से लौट रहे थे।
देर शाम कमासिन थाना क्षेत्र के शिवहद गांव के पास किसी वाहन ने उन्हें रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कुचलने वाला वाहन लेकर चालक भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ ही मृतकों के पास मिले मोबाइल फोन से उनके परिजनों को सूचना दी। कमासिन थाने की इंस्पेक्टर प्रतिमा सिंह ने बताया कि प्रमोद के पिता रामकुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हादसे के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। उधर, दोहरी मौतों से दोनों मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है।