फोटो महंगे दामों पर पानी की बोतल बेचने की प्रकाशित खबर के बाद रेल प्रशासन ने कैंटीन संचालक को नोटिस जारी किया है। तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उधर, बिजली का बकाया जमा न करने पर वाटर एटीएम संचालक को भी नोटिस दी गई है। रेलवे स्टेशन में स्थित कैंटीन में महंगे बिक रहे पानी और बंद पड़े वाटर एटीएम की खबर शनिवार को अमर उजाला में प्रकाशित हुई थी। वाणिज्य निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि रेलवे ने पानी की बोतल का शुल्क 15 रुपये निर्धारित किया है।
इससे अधिक दामों पर कोई भी कैंटीन संचालक नहीं बेच सकता है। उन्होंने बताया कि प्रकाशित खबर से जानकारी मिलने के बाद इसकी जांच की जा रही है। कैटरिंग व अमूल कैंटीन संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
वाटर एटीएम संचालक द्वारा करीब डेढ़ लाख बिजली का बिल जमा नहीं किया गया है। नोटिस जारी कर एक सप्ताह में बकाया बिल जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर एटीएम का अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।