तुलसी एक्सप्रेस चार दिन चलाने से इनकार
बांदा। इलाहाबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच सप्ताह में दो दिन चलने वाली तुलसी एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाने के प्रस्ताव को मध्य रेलवे ने खारिज कर दिया है। दलील दी गई है कि पाथ (ट्रैक) उपलब्ध नहीं है। उधर, खजुराहो से उदयपुर के बीच चलने वाली एक्सप्रेस को भोपाल-इंदौर तक बढ़ाने का प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय में विचाराधीन है।
यह जानकारी वरिष्ठ यातायात प्रबंधक (उत्तर मध्य रेलवे, इलाहाबाद) ने दी। जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत समाजसेवी कुलदीप शुक्ला के मांगी गई सूचना में यातायात प्रबंधक ने कहा है कि गाड़ी संख्या 22129/22130 इलाहाबाद-एलटीटी (तुलसी एक्सप्रेस) को सप्ताह में दो दिन से चार दिन करने का प्रस्ताव आईआरटीटीसी के पास वर्ष 2016, वर्ष 2017 और वर्ष 2018 में भेजा गया। लेकिन मध्य रेलवे ने पाथ की अनुपलब्धता के कारण इस गाड़ी के फेरे बढ़ाने से इनकार कर दिया है।
जनसूचना में यह भी बताया है कि गाड़ी संख्या-19665/19666 खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस को भोपाल-इंदौर तक बढ़ाने का प्रस्ताव रेल मंत्रालय में लंबित है। जनसूचना में यह भी सूचना मांगी गई थी कि ट्रेन बनारस से बंगलौर (वाया बांदा, खजुराहो, भोपाल) चलाए जाने की खबरें आईं थीं। यह ट्रेन अब तक नहीं चली। इस सवाल के जवाब में वरिष्ठ यातायात प्रबंधक ने कहा है कि उत्तर मध्य रेलवे में ऐसा कोई प्रस्ताव लंबित नहीं है।
खजुराहो एक्सप्रेस भोपाल-इंदौर तक प्रस्तावित
आरटीआई में रेलवे ने दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो