बांदा। 15 जून से पेट्रोल पंपों की हो रही प्रदेशव्यापी हड़ताल में चित्रकूटधाम मंडल के सभी 157 पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे। केंद्र सरकार द्वारा डीजल-पेट्रोल की कीमतें प्रतिदिन तय करने की लागू की जा रही व्यवस्था के विरोध मेें पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने गुरुवार से बेमियादी ‘नो पर्चेज, नो सेल’ हड़ताल का एलान कर दिया है। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को 7 सूत्री मांगपत्र सौंपा है।
मंगलवार को बांदा पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने डीएम डॉ.सरोज कुमार को ज्ञापन दिया। जिसमें कहा गया कि केंद्रीय पेट्रोलियम सचिव के आदेश के बावजूद आयल कंपनियां अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़कर ईंधन व्यापार के भविष्य को अधर में डाल रही हैं।
रोजाना खुदरा मूल्य परिवर्तन की लागू की जा रही प्रणाली से व्यक्तिगत एवं पूंजी की सुरक्षा प्रभावित होगी। तमाम समस्याएं पैदा होंगी। एसोेसिएशन ने कहा कि अपने सम्मान और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए 15 जून से पेट्रोल पंपों में बेमियादी हड़ताल की जाएगी। इसके लिए आयल कंपनियां जिम्मेदार हैं। हड़ताल के दौरान पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था की जाए।
अन्य मांगों में प्रतिदिन मूल्य परिवर्तन को वापस लेकर सभी पंपों पर कंपनियों के द्वारा आटोमेशन के बाद ही इसे लागू करने, डिपो से पंपों पर पूरा माल उपलब्ध कराने, जीएसटी से मोबिल आयल को मुक्त रखने, अपूर्व चंद्रा कमेटी की सिफारिशें लागू करते हुए डीलरों को पूरा कमीशन देने, पेट्रोल-डीजल में टंप्रेचर बैरिएशन की डीलर को क्षतिपूर्ति दिलाने, टैंकरों से ईंधन चोरी रोकने को इलेक्ट्रानिक लॉक लगवाने और टैंकरों से चोरी का ईंधन खरीदने वाले माफियाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांगें शामिल हैं।
ज्ञापन देने वालों में एसोसिशन अध्यक्ष प्रभाकर सिंह चंदेल, सचिव रत्नेश गुप्ता सहित प्रद्युम्न कुमार दुबे लालू, शरद गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, मंजुला शुक्ला, मुदित अग्रवाल, श्रद्धा निगम, योगेंद्र भदौरिया आदि शामिल रहे।
-पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने किया एलान
-ईंधन की कीमतें प्रतिदिन तय करने का विरोध
-डीएम को 7 सूत्री मांगपत्र सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो