बांदा। प्रवासी मजदूरों को महानगरों से लेकर आ रही ट्रेनों का सिलसिला जारी है। सोमवार को एक और श्रमिक स्पेशल ट्रेन सूरत से यहां आई। इसमें कुल 1709 श्रमिक सवार थे। इनमें बुंदेलखंड के 1434 श्रमिक हैं। उत्तर प्रदेश के 24 जनपदों सहित मध्य प्रदेश के भी 29 मजदूर यात्री इसमें शामिल रहे। अब तक बांदा में विशेष श्रमिक ट्रेनों की संख्या 13 हो गई है। लगभग साढ़े 15 हजार श्रमिक और उनके परिवार इन ट्रेनों से यहां आए हैं।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि सोमवार को शाम सवा 4 बजे सूरत से आई ट्रेन में सर्वाधिक 849 श्रमिक बांदा जिले के थे। इनके अलावा चित्रकूट के 284, हमीरपुर के 231, महोबा के 38, जालौन के 32 और झांसी के 2 श्रमिक शामिल हैं।
इन सभी को बांदा रेलवे प्लेटफार्म पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ उतारा गया और राज्य सड़क परिवहन निगम की 30 बसों से उनके पैतृक जनपद/गांव भेजा गया। वहीं उनकी थर्मल स्क्रीनिंग होगी। आयुक्त ने बताया कि सोमवार को एक और ट्रेन मुंबई से आनी थी। लेकिन अपरिहार्य कारणों से यह निरस्त कर दी गई।
स्पेशल श्रमिक ट्रेन से आए बुंदेलखंड के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों के मजदूर-
कानपुर- 51, इटावा- 03, औरैया- 05, फतेहपुर- 121, इलाहाबाद- 06, गोंडा- 07, फैजाबाद- 02, वाराणसी- 04, प्रतापगढ़- 03, रायबरेली- 31, अंबेडकर नगर- 01, लखनऊ- 01, बाराबंकी- 01, सुल्तानपुर- 02, मैनपुरी- 03, कन्नौज- 01, कौशांबी- 01, फिरोजाबाद- 01 और मध्य प्रदेश- 29