अतर्रा। ट्रक को बचाने में बाइक सवार को टक्कर मारती हुई मैजिक खाईं में गिरकर पलट गई, जिससे आठ लोग घायल हो गए। वहीं अन्य हादसों में भी नौ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमीरपुर के सुरौली गांव निवासी रामेश्वर परिवार सहित मैजिक में चित्रकूट दर्शन को गए थे। शाम को वापस आते समय बदौसा के नजदीक मैजिक ट्रक को बचाने में बाइक सवारों को टक्कर मारती हुई खंती में गिरकर पलट गई। मैजिक में सवार रामेश्वर, अनीता, वीरमति समेत चार छोटे बच्चे भी घायल हो गए। वहीं बाइकों की भिड़ंत में बिसंडा निवासी राजू, बदौसा निवासी सुरेंद्र व दूसरी बाइक सवार रामेश्वर घायल हो गए। राहगीरों ने सभी सीएचसी पहुंचाया। डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर रामेश्वर सहित बाइक सवार राजू व सुरेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। एक अन्य घटना में बिसंडा क्षेत्र के ऐंचवारा गांव निवासी रोहित बाइक से बदौसा जाते समय तुर्रा पुल के पास अन्ना मवेशी से टकराकर घायल हो गया।
इसी थाना क्षेत्र के शिव गांव का बाइक सवार सुरेंद्र पाल मानस चौके के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। अमलोहरा गांव निवासी श्याम बाबू बाइक से चित्रकूट जाते समय बिसंडा रेलवे क्रासिंग के पास दूसरी बाइक से भिड़ंत हो जाने पर घायल हो गया। जरियारी पुरवा निवासी मनीष जामुन के पेड़ से गिरकर जख्मी हो गया। उधर, बदौसा थाना क्षेत्र के गजपतिपुर निवासी हेमराज सिंह अपने साथी चुन्नू के साथ शुक्रवार की सुबह बाइक से अतर्रा जाते समय शांति धाम स्कूल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।