अमर उजाला ब्यूरो
बांदा/बदौसा। अलग-अलग घटनाओं में युवक की तालाब में और किशोर की नदी में डूबकर मौत हो गई। दोनों के परिवारों में मातम पसर गया।
अतर्रा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव के मजरा कुचबंधिया डेरा निवासी राजेंद्र (25) पुत्र बाबूलाल मंगलवार की सुबह शौच को खेत गया था। पास के ककरहा तालाब में पानी लेते समय फिसलकर गहरे पानी में चला गया और डूब गया। वहां एक बालक ने डूबते देख घर वालों को खबर दी। गांव के तैराक युवकों ने उसे निकाला। परिजन अतर्रा सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई प्रेमबाबू ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। चार भाइयों में दूसरा था। पिता के पास एक बीघा जमीन है। वह मेहनत-मजदूरी करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
उधर, बदौसा थाना क्षेत्र के दुबरिया गांव में इसराइल (15) मंगलवार को सुबह पिता रशीद के साथ मवेशी लेकर बागै नदी गया था। इसी बीच एक भैंस नदी से उस पार निकल गई। इसे वापस लाने के लिए इसराइल भी नदी पार कर गया। वापस लौटते समय उफनाई नदी में वह डूब गया। पिता ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से बचाने की गुहार लगाई। लगभग एक घंटे तक मशक्कत के बाद जब तक उसे बाहर निकाला, मौत हो चुकी थी। त्योहार (ईदुज्जुहा) की पूर्व संध्या पर हुए इस हादसे से रशीद के घर त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। पिता ने थाने में सूचना देकर पुत्र का पोस्टमार्टम न कराने की फरियाद की। पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंप दिया।
-शौच को गया युवक तालाब के पानी में समाया
-भैंस निकालने गया किशोर बागै नदी में बहा