फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

16 हजार किसानों को नहीं मिला मुआवजा

Tue, 23 Jun 2015 12:38 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
ओलावृष्टि-बारिश से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा बीमा कंपनी ने देना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी जिले के 16 हजार किसानों को मुआवजे के नाम पर धेला नहीं मिला है। फिलहाल 40.58 करोड़ रुपये किसानों के खाते में भेज दिए गए हैं। इससे 22874 किसानों को राहत मिली है। बता दें कि बांदा में बीमा कंपनी को करीब डेढ़ अरब रुपये किसानों को मुआवजे के रूप में चुकाना है।
विज्ञापन


अप्रैल और मई माह में बारिश और ओलावृष्टि से रबी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा था। ऐसे समय में फसल बीमा की किस्त वसूलने वाली बीमा कंपनी मुसीबत के मारे किसानों से मुंह चुराती रही। किसानों से लेकर तमाम संगठनों ने इसके लिए लगातार आवाजें उठाईं।

अंतत: जून माह मेें बीमा कंपनी एचडीएफसी एग्रो जीआईसी लिमिटेड, लखनऊ ने जनपद के 22,874 किसानों के क्लेम की राशि उनके खातों में भेजी है। किसानों की कुल 42,262 हेक्टेअर जमीन पर खड़ी फसल बारिश और ओलावृष्टि से चौपट हुई थी।
विज्ञापन


कृषि उप निदेशक उमेश चंद्र कटियार ने बताया कि बीमा कंपनी को बांदा के किसानों को एक अरब 52 करोड़ एक लाख 85 हजार 554 रुपये क्लेम का भुगतान करना है। अभी तक मात्र 40 करोड़ 58 लाख 53 हजार 379 रुपये दिए हैं। सबसे ज्यादा 17,045 किसानों को 35 करोड़ 12 लाख 67 हजार 804 रुपये क्लेम का इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के जरिए मिला है।

इलाहाबाद बैंक के खाताधारक 638 किसानों को एक करोड़ 22 लाख 13 हजार 452 रुपये क्लेम का दिया गया है। बैंक आफ बड़ौदा के मात्र 8 किसानों का 1 लाख 69 हजार 513 रुपये, बैंक आफ इंडिया ने 81 किसानों को 13 लाख 92 हजार 551 रुपये, सेंट्रल बैंक के खाताधारक 55 किसानों को 10 लाख 10 हजार 638 रुपये, कोआपरेटिव बैंक के 4961 किसानों को 3 करोड़ 62 लाख 94 हजार 582 रुपये और पंजाब नेशनल बैंक के 86 किसानों को 35 लाख 04 हजार 839 रुपये क्लेम की राशि दी है।

अभी बड़े किसान हैं बाकी
बांदा के करीब 39 हजार किसानों को करीब डेढ़ अरब रुपये का फसल बर्बादी का मुआवजा दिया जाना है। बीमा कंपनी ने करीब 23 हजार किसानों को 40.58 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। अभी 16 हजार किसानों को 1.10 अरब से ज्यादा रुपये दिया जाना है। आंकड़े बताते हैं कि बीमा कंपनी ने अभी काफी संख्या में बड़े किसानों को क्लेम का भुगतान नहीं किया है।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें