बांदा। भीषण गर्मी में एबीसी केबल और ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं। 24 घंटे में शहर में 16 जगह एबीसी केबल जले। इसके अलावा छह ट्रांसफार्मरों ने जवाब दे दिया। लोकल फाल्टों की तो भरमार रही। इस कारण गुरुवार की रात कई वार्डों की बिजली गुल रही। फाल्ट से हर घंटे बिजली आती-जाती रही। इस कारण लोग चार घंटे भी सुकून से नहीं सो पाये।
भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था पटरी से उतरने के कारण शहर ही नहीं ग्रामीण इलाकों के लोग भी परेशान हैं। इस समय दिन का 45 और रात का पारा 33 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में रहते हैं, लेकिन बिजली कट जाने से मैदान में घूमकर पेड़ों की छांव में आ जाते हैं। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर और केबल भी जवाब दे रहे हैं, जबकि केबल व ट्रांसफार्मर चंद दिनों पहले करोड़ों रुपये खर्च कर बदले गए थे।
एक्सईएन के मुताबिक शहर में इस समय 50 हजार यूनिट प्रतिदिन बिजली खर्च हो रही है, जबकि पिछले साल गर्मी में यह आंकड़ा 35 हजार था। गुरुवार की रात कटौती का दौर टेलीफोन टावर के पास शुरू हुआ। यहां ट्रांसफार्मर फुंकने से रात आठ बजे से साढ़े 12 बजे तक लोग गर्मी में उबलते रहे। इसके अलावा बंगालीपुरा में डाकघर के सामने गली में दस घरों में आठ बजे बिजली गई तो पूरी रात नहीं आई।
रात साढ़े नौ बजे कैलाशपुरी में साईं मंदिर के पास एबीसी केबल (एरियर बंच केबल) जलकर पिघल गया और तार नीचे आ गए। इससे करीब 10 हजार की आबादी रात साढ़े नौ बजे से सुबह तीन बजे तक परेशान रही। 10 बजे छावनी रोड में माॅल के पास तार जलकर टूटा तो पीलीकोठी उपकेंद्र से शटडाउन लिया गया। रात 10 बजे से रात दो बजे तक यहां लोगों को बिजली नहीं मिली। इससे रात में लोग सो नहीं पाए।
उधर, भूरागढ़ उप केंद्र में शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक 11 बार बिजली आई गई। लोग जैसे ही सोते, बिजली चली जाती। यही हाल तुलसीनगर फीडर का रहा। शहर की करीब ढाई लाख आबादी गर्मी में बिना बिजली बेहाल रही। दिन में भी पीलीकोठी, भूरागढ़ और तुलसीनगर उपकेंद्र से जुड़े 21 फीडरों में कहीं केबल जले तो कहीं ट्रांसफार्मर हीट हो गए। उन्हें ठंडा करने के लिए दो-दो घंटे बिजली काटी गई। अधिकारियों के मुताबिक 24 घंटे में शहर में 16 जगह एबीसी केबल जले। छह जगह ट्रांसफार्मरों ने जवाब दे दिया।
ट्रांसफार्मर जलने से तीन दिन से हजारों लोग परेशान
नरैनी। ट्रांसफार्मर जल जाने से कस्बे के दो मोहल्ले में बुधवार रात से बिजली गुल है। विभाग की हीलाहवाली से दोनों मोहल्लों के करीब 10 हजार लोग उमस भरी गर्मी में परेशान हैं। बिजली न आने से जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप हो गई है।
कस्बे के रामनगर व शास्त्री नगर मोहल्लों में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। बुधवार रात मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर ओवरहीट होकर फुंक गया। बिजली न होने से दोनों मोहल्लों के हजारों लोग रात भर सो नहीं पाए। छोटे-छोटे बच्चे उमस भरी गर्मी में बिलखते रहे। गुरुवार दोपहर मुख्यालय से नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन कुछ ही देर में वह भी जल गया। जिससे गुरुवार रात भी लोग बिजली के लिए परेशान रहे। इसके साथ ही मोहल्लों में जलापूर्ति व्यवस्था भी ठप हो गई। एक-एक बाल्टी पानी को लेकर दोनों मोहल्लों के लोगों में मारामारी मची रही। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के कारण लोग परेशान है। भीषण गर्मी में विभागीय लापरवाही से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। वहीं विभाग का कहना है कि मोहल्ले में वर्तमान में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था, जबकि लोड 250 केवीए का है। भीषण गर्मी में लोड अधिक हो जाने से ट्रांसफार्मर जल रहे हैं।
वर्जन...
-गुरुवार को ट्रांसफार्मर बदलवाया गया था, जो टेस्टिंग में फेल हो गया। नया ट्रांसफार्मर बांदा से मंगवाकर लगवाया जा रहा है। देर रात तक लोगों को आपूर्ति मिलनी शुरू हो जाएगी।
-रामलाल पाल, अधिशाषी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, अतर्रा।