बांदा। विकास खंड बड़ोखर खुर्द में स्थित प्रेम सिंह की बगिया में आयोजित जल संरक्षण गोष्ठी में डीएम हीरालाल ने पूर्वजों की धरोहर कुआं और तालाबों को संरक्षित करने पर जोर दिया। कहा कि जिले में कृषि विभाग के सहयोग से 2500 तालाब खुदवाए जाएंगे। मनरेगा व ग्राम सभा निधि से भी नए तालाब बनवाने व कुओं की मरम्मत का काम किया जा रहा है। किसानों से श्रमदान कर अभियान में सहयोग की अपील की।
डीएम ने कहा कि कुआं और तालाबों की पूजा-अर्चना इसलिए कराई जा रही है कि लोगों में प्राचीन धरोहर के प्रति आदर, अपनत्व और इसे संरक्षित करने की भावना जागृत हो। पहले लोग कुओं का पानी पीते थे। अब कुआं, तालाबों से खेतों की सिंचाई होती है।
गोष्ठी को प्रगतिशील किसान प्रेम सिंह, उमाशंकर पांडेय, श्यामजी निगम आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सचिन चतुर्वेदी, बलवान सिंह, सुनील मसुरहा, रमेश पाल, उप सूचना निदेशक भूपेंद्र सिंह यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संजीव सिंह बघेल, भूमि संरक्षण विभाग के सौरभ कुमार, आरके माथुर आदि मौजूद रहे।