चित्रकूटधाम मंडल के प्रत्येक विकास खंड में परिषदीय दो मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। इनमें एक अंग्रेजी और दूसरा हिंदी माध्यम होगा। मॉडल स्कूल की विशेषता यह होगी कि इसमें डिजिटल क्लास चलेगी।
व्हाइट बोर्ड के साथ साइंस, मैथ की पढ़ाई होगी। चित्रकूटधाम मंडल में 28 विकास खंडों के 56 परिषदीय स्कूलों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने में 13.16 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मॉडल स्कूल में 23.50 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। अलग से शौचालय, मूत्रालय होगा। परिसर में टाइल्स और कोटा स्टोन लगाया जाएगा। स्टाफ व बच्चों के लिए फर्नीचर की व्यवस्था रहेगी।
विद्यालय में 10 केवीए का एक सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। पुस्तकालय, साइंस, डिजिटल क्लास रूम, व्हाइट बोर्ड, लर्निंग ऐड के लिए अलग से कक्ष, खेल सामग्री, माइक व ड्रम सिस्टम, वाटर कूलर, झूले, शैक्षिक खिलौने, साइंस लैब, मैथ व अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था की जाएगी।
प्रदेश के शिक्षा निदेशक (बेसिक) सर्वेंद विक्रम बहादुर सिंह ने सभी बीएसए को भेजे गए आदेशों में कहा कि एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए।