बांदा। विभिन्न राजनैतिक और स्वयंसेवी संगठनों तथा बिजली उपभोक्ताओं की बगावत और विरोध के बाद कुछ दिन तक शांत रहे बिजली विभाग के प्रवर्तन दल (विजिलेंस) ने फिर मंडल मुख्यालय में छापामार कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को तड़के शहर के छिपटहरी इलाके में टीम ने छापे मारे तो अंधेरे में की गई कार्रवाई का विरोध हुआ।
उपभोक्ताओं का कहना था कि पुलिस महानिदेशक और शासन के निर्देश हैं कि पुलिस की कोई भी टीम सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले घरों में छापा नहीं मार सकती, लेकिन विजिलेंस टीम इसका उल्लंघन कर रही है।
दूसरी तरफ विजिलेंस टीम के प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश सिंह परिहार ने बताया कि सूर्योदय के बाद ही दिन की रोशनी में चेकिंग की गई है। उन्होंने बताया कि छिपटहरी में दो उपभोक्ताओं के यहां लाइन बाईपास करके बिजली चोरी की जा रही थी। हालांकि विजिलेंस प्रभारी उपभोक्ताओं के नाम नहीं बता सके। टीम में अवर अभियंता अरविंद कुमार भी थे।