बांदा। जनवासे में सो रहे बराती को डीजे साउंड के लोडर ने रौंद दिया। उसकी वहीं मौत हो गई। दूसरी घटना में तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर राहगीर की मौत हो गई।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के मुर्दीरामपुर का चुनबाद (46) पुत्र बाबादीन यादव मंगलवार को बरात में थनैल (कमासिन) गांव गया था। रात को जनवासे में सो रहा था। बुधवार को तड़के डीजे साउंड वाला लोडर बैक होते समय उस पर चढ़ गया। एक अन्य बराती रमाशंकर कुशवाहा (45) पुत्र हीरालाल (मोतियारी, नरैनी) भी चपेट में आकर घायल हो गया। दोनों को बबेरू सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने चुनबाद को मृत घोषित कर दिया। रमाशंकर को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई मिठाईलाल ने बताया कि चालक भाग निकला। लोडर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मृतक पेशे से किसान था।
उधर, कर्वी जनपद के मजरा अमिलिहा चौकी निवासी रामसिया (38) पुत्र कज्जू भांजे की शादी में जाते समय रमजूपुर गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। उसकी वहीं मौत हो गई। रामसिया पैदल आ रहा था। चालक पिकअप छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।