इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश के दो सैकड़ा से ज्यादा अतिरिक्त जिला जज/सत्र न्यायाधीश के तबादले किए हैं। इनमें चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों के एक दर्जन न्यायाधीश भी शामिल हैं। मंडल से 12 न्यायाधीश अन्य जिलों को भेजे गए हैं। अन्य जनपदों से पांच न्यायाधीशों को बांदा स्थानांतरित किया गया है।
सोमवार को हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी तबादला सूची में बांदा जनपद के जिला अपर एवं सत्र न्यायाधीश खलीकुज्जमां को एटा जनपद, राजेश कुमार तृतीय को सहारनपुर और अनिल कुमार पंचम को हरदोई स्थानांतरित किया गया है।
चित्रकूट से संजय कुमार द्वितीय को रामपुर, अनुरुद्ध मिश्रा को वाराणसी और सुभाष सिंह को मुरादाबाद भेजा गया है। हमीरपुर से राधेश्याम यादव द्वितीय को मुजफ्फरनगर, विजयपाल को रायबरेली, शैलोजचंद्र को बरेली और महेशनंद झा का अलीगढ़ तबादला किया गया है। महोबा से रामकुशल को सीतापुर और सरेंद्रनाथ को बुलंदशहर भेजा गया है।
उधर, अन्य जनपदों से मंडल में स्थानांतरित न्यायाधीशों में मोहम्मद रिजवान अहमद को फिरोजाबाद से बांदा, कृष्ण यादव को बरेली से बांदा, सतीशचंद्र द्विवेदी को बरेली से चित्रकूट व रामलखन सिंह चंद्ररौल को मिर्जापुर से चित्रकूट तथा अनिल कुमार शुक्ला को लखनऊ से हमीरपुर भेजा गया है। स्थानांतरित न्यायाधीशों को 15 अप्रैल तक नई तैनाती स्थल पर चार्ज लेने को कहा गया है।