बदौसा/चिल्ला/मटौंध। बदौसा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक में होली सौहार्द से मनाने की अपील की गई। उप जिलाधिकारी सौरभ शुक्ला ने कहा होलिकादहन स्थल को लेकर कोई विवाद हो तो मिल-बैठकर निपटा लिया जाए।
एसओ आलोक सिंह सहित लमेहटा चौकी इंचार्ज लाखन सिंह, उप निरीक्षक एस करण सिंह, भाजपा नेता कालीचरण, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सद्दाम, रोहित, मकसूद खां, फिरोज खां, उदित नारायण, रमाशंकर, ग्राम प्रधान आदि बैठक में मौजूद रहे।
उधर, चिल्ला में थाना इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक में होली का पर्व मिलजुलकर शांतिपूर्वक और हर्षोल्लास से मनाने को कहा गया। चुनाव में 90 प्रतिशत मतदान की अपील की। चिल्ला, सादीमदनपुर, तारा, दोहतरा, गुगौली, पदारथपुर, भवानीपुर आदि के ग्राम प्रधान व अन्य लोग उपस्थित रहे।
मटौंध में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में सीओ राजीव प्रताप सिंह ने कहा शांतिभंग की कहीं भी आशंका नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने अपना फोन नंबर भी नोट कराया। होली शांतिपूर्ण मनाने को कहा। शराब की अवैध बिक्री पर चेतावनी दी।
नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी सुधीर सिंह ने कहा कि होली पर सफाई व्यवस्था चौकस रहेगी। मरौली प्रधान मोतीलाल ने बालू ट्रैक्टरों से खेत रौंदने की शिकायत की। प्रधान अजय यादव (उजरेहटा), रामदीन अनुरागी, वीरेंद्र (चमरहा), अनिल सिंह, नाना शुक्ला, रणधीर सिंह आदि उपस्थित रहे।
पीस कमेटियों की बैठकें हुईं, कहा गया, शांतिभंग की आशंका पर दें सूचना
अमर उजाला ब्यूरो