बांदा। भारत और पाकिस्तान के बीच तल्खी का असर बाजार पर भी नजर आने लगा है। सरहद पार से आने वाला छुहारा, पोस्ता दाना और सेंधा नमक की कीमतें आसमान छू रही हैं। हालात यही रहे तो इनके भाव और बढ़ जाएंगे।
आवक में कमी और भारत सरकार द्वारा इन सामानों पर आयात शुल्क चार गुना बढ़ाकर 50 फीसदी से 200 फीसदी कर दिया गया है। पुलवामा में आतंकी हमले से पहले साधारण छुहारे का भाव यहां 80 रुपये किलो था। अब यह दोगुना होकर 160 रुपये में बिक रहा है।
ए श्रेणी का छुहारा 280 रुपये से बढ़कर 400 रुपये किलो हो गया है। इसी तरह पोस्ता के दामों में भी 25 फीसदी की वृद्धि हुई है। 400 रुपये किलो का पोस्ता 500 रुपये में बिक रहा है। सेंधा नमक के दामों में छह गुना इजाफा हुआ। 10 रुपये किलो के स्थान पर 60 रुपये किलो बेचा जा रहा है।
चौक बाजार के थोक/फुटकर व्यापारी रवींद्र कुमार अग्रवाल, राजू अग्रवाल, दिलीप सिंधी व अखिलेश शिवहरे आदि ने बताया कि पाकिस्तान से इन वस्तुओं की आवक फिलहाल बंद है। व्यापारियों के मुताबिक यहां छुहारा की खपत प्रतिमाह 10 से 12 क्विंटल है। इसी तरह सेंधा नमक की प्रतिमाह लगभग 40 किलो खपत है। इसका इस्तेमाल व्रत या मरीजों में ज्यादा होता है।