बुंदेलखंड को नया ‘हमसफर’, वाराणसी-बंगलूरु एक्सप्रेस 21 से
बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी से बंगलूरु के लिए चलाई जा रही दो दिवसीय एक्सप्रेस ट्रेन चित्रकूटधाम मंडल से भी होकर गुजरेगी। यह हर हफ्ते रविवार और बुधवार को चलेगी। 2426 किलोमीटर लंबे सफर में ट्रेन 25 स्टेशनों पर ठहरेगी। इसे ‘हमसफर एक्सप्रेस’ नाम दिया गया है। ट्रेन की शुरुआत 21 जून से होगी। समय सारणी जारी हो गई है। हालांकि इसकी अधिकृत सूचना यहां रेलवे अधिकारियों को अभी नहीं मिली है।
यह एक्सप्रेस ट्रेन (9829) वाराणसी सिटी से बंगलूरु कैंट तक चलेगी। बुंदेलखंड के कर्वी (स्टापेज 2 मिनट), बांदा (स्टापेज 5 मिनट) और महोबा (स्टापेज 2 मिनट) स्टेशनों से गुजरेगी। खजुराहो (स्टापेज 15 मिनट) होकर भोपाल होते हुए अगले दिन रात 10:50 बजे बंगलूरु पहुंचेगी।
रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार हमसफर एक्सप्रेस बनारस जंक्शन से सुबह 7 बजे रवाना होगी। भदोई, इलाहाबाद रुकने के बाद 11:48 बजे कर्वी (चित्रकूटधाम) आएगी। दोपहर एक बजे बांदा और 2 बजकर 03 मिनट पर महोबा तथा 3 बजकर 05 मिनट पर खजुराहो पहुंचेगी।
3:48 बजे महाराजा छत्रसाल स्टेशन, छतरपुर, 5:08 बजे टीकमगढ़, शाम 6:50 बजे बीना जंक्शन और रात 8:40 बजे भोपाल हबीबगंज पहुंचेगी। रात 10:08 बजे इटारसी, 11:48 बजे बैतूल और तड़के 3:10 बजे नागपुर जंक्शन पहुंचेगी। यहां के बाद ट्रेन रामागुंडम, काजीपेट जंक्शन, हैदराबाद, कचेगुड़ा, महबूब नगर, करनूल सिटी, धोने जंक्शन, अनंतपुर, धरमावरम जंक्शन, सत्यसांई प्रशांति नीलायम और यलहंका जंक्शन होते हुए रात 10:50 बजे बंगलूरु कैंट पहुंचेगी।
- कर्वी, बांदा, महोबा और खुजराहो से गुजरेगी नई ट्रेन
- रविवार और बुधवार को दो दिन चलेगी एक्सप्रेस