अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। पंचायती राज विभाग में पायलट प्रोजेक्ट के तहत परिवार रजिस्टरों का डिजिटलाइजेशन होगा। इसके लिए मुंबई की कंपनी इनहीरा साफ्टवेयर को शासन ने नामित किया है। कंपनी की टीम 21 मार्च बुधवार को यहां आएगी। रोजाना 10-10 परिवार रजिस्टरों का डिजिटलाइजेशन होगा। ग्राम पंचायतों से 10-10 परिवार रजिस्टर कंपनी को उपलब्ध कराएंगे।
शासन ने जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों में परिवार रजिस्टरों को डिजिटल करने का निर्देश जारी किया है। डीपीआरओ केके सिंह चौहान ने सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को जारी पत्र में कहा है कि परिवार रजिस्टर में जाति व धर्म, साक्षर व निरक्षर, जन्मतिथि का पूर्ण ब्योरा, परिवार विभाजन के बाद अलग-अलग परिवार, परिवार के पुरुष व महिला के विवाह के बाद संबंधित के स्थान परिवर्तन का विवरण दर्ज कराए जाने है।
इसमें लापरवाही हुई तो एडीओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति कर दी जाएगी। उधर, डीपीआरओ ने कंपनी को भेजे पत्र में पंचायतीराज निदेशक के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि 21 मार्च को जिला मुख्यालय में उपस्थित होकर सभी ग्राम पंचायतों के परिवार रजिस्टर डिजिटलाइटेशन करने का कार्य पूरा कराएं।
-आज आएगी मुंबई से कंपनी की टीम
-रोजाना एडीओ लाएंगे 10-10 रजिस्टर