119 trucks seized in illegal mining, overloading
- फोटो : BANDA
बांदा। खनिज निदेशालय की टीम के दौरे के तीसरे दिन स्थानीय अधिकारियों ने ओवर लोडिंग और बालू के अवैध खनन में लगे 119 ट्रकों को सीज कर दिया। खनन, परिवहन और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में सेल टैक्स, खनिज तथा परिवहन विभागों को जुर्माना और राजस्व आदि से एक करोड़ 20 लाख रुपये मिल सकता है।
तीनों विभागों के अधिकारियों की टीमों ने शनिवार रात मटौंध थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। मरौली गांव के पास केन नदी की खदानों में गहनता से चेकिंग की गई। भूरागढ़ चौकी के पास पांच ट्रैक्टर और गिट्टी से ओवरलोड ट्रक पकड़ा गया। पपरेंदा पुलिस चौकी क्षेत्र में बालू से ओवरलोड दो ट्रक पकडे गए। मटौंध में अवैध रूप से परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर सीज किए गए। मरौली खादर मार्ग में बालू के 109 ट्रकों को सीज किया गया। कई घंटे की चेकिंग के दौरान 119 ट्रक पकड़े गए। खनिज अधिकारी सौरभ गुप्ता ने जिलाधिकारी के निर्देश पर चेकिंग की जा रही है। पट्टाधारकों को खबरदार किया गया है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग न करें।
दो खदान संचालकों पर एफआईआर
बांदा। संयुक्त चेकिंग टीम ने पैलानी क्षेत्र में मेसर्स जय मां सिद्धिदात्री (संचालक प्रमोद तिवारी और विपुल त्यागी) की खदानों की जांच में बिना माइन टैगिंग के बालू का परिवहन (ट्रांसपोर्ट) करते पकड़ा। इसी तरह अमलोर खादर (विपुल त्यागी) में वेट ब्रिज के सॉफ्टवेयर में ऑटो वेब की वैल्यू परिवर्तित करने का विकल्प पाया गया। खनिज अधिकारी ने बताया कि इनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)