बांदा। इंजन से नीलगाय के टकरा जाने पर एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। इंजन में तकनीकी खराबी आने की वजह से ट्रेन लगभग एक घंटा देरी से आई। इस दौरान बांदा से कानपुर रेल मार्ग बाधित रहा।
बुधवार को रात खैराडा रेलवे स्टेशन के नजदीक चित्रकूट-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन से भारी-भरकम नील गाय टकरा गई। चालक ने सूझबूझ की परिचय देकर इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्री सहम गए। चालक ने घटना की सूचना वाकीटाकी के जरिए गार्ड को दी।
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही स्थानीय रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। चालकों और गार्ड ने इंजन में फंसे मवेशी को निकालने की कोशिश की। लेकिन वह सफल नहीं हुए। कुछ देर बाद अभियंताओं की टीम घटनास्थल पहुंच गई और इंजन में फंसे मवेशी के शव को बाहर निकाला।
इस दौरान बांदा से कानपुर रेल मार्ग लगभग एक घंटा तक बाधित रहा। चालक इंजन को स्टार्ट करने में नाकाम रहा। लगभग एक घंटा बाद मालगाड़ी के इंजन की मदद से ट्रेन यहां एक घंटा 20 मिनट की देरी से रात लगभग 12:30 बजे आई।
उधर, स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। कहा कि ट्रेन जरूर कुछ देरी से आई थी। अब जानकारी मिली है तो पता कराएंगे।
-ट्रेन के इंजन से नील गाय टकराई
-बांदा-कानपुर रेल मार्ग रहा बाधित
अमर उजाला ब्यूरो