बांदा। जिला निर्वाचन अधिकारी हीरा लाल ने चुनाव में नियुक्त किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि मतदान केंद्रों में बिजली, मार्ग, पेयजल, शौचालय और रैंप आदि की सभी व्यवस्थाएं 20 अप्रैल तक हर हाल में दुरुस्त कराएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्रों में खराब हैंडपंपों की एक हफ्ते में मरम्मत कराएं। मतदान केंद्रों की सड़कें दुरुस्त करने के लिए पीडब्ल्यूडी को एक हफ्ते की मोहलत दी है।
कलक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक में डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन हो। उसके तहत मतदाताओं को मतदान केंद्रों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी है। सेक्टर मजिस्ट्रेट पहले ही अपने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर उनकी स्थिति देख लें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जहां रैंप नहीं हैं उन स्कूलों में एक हफ्ते के अंदर रैंप बनवाएं। इसी तरह जहां बिजली कनेक्शन नहीं हैं वहां एक हफ्ते के अंदर बिजली कनेक्शन के निर्देश पावर कार्पोरेशन अधिशासी अभियंता को दिए।
उधर, डीएम ने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डॉयट), डिग्री कालेज, और बीटीसी आदि के शिक्षकों की अपने कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए वह महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका निभाएं। परिवारों और मोहल्लों आदि में बैठकर मतदान महापर्व की चर्चा करें। मतदान की पूर्व संध्या पर गांवों में घूमकर लोगों को वोट देने के लिए जाने को प्रेरित करें।
डीएम ने कहा कि तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को और बांदा क्षेत्र के बूथों पर 6 मई को सुबह से ही मतदाताओं के घर दस्तक देकर वोट के लिए अनुरोध करना है। 11 बजे तक जो लोग वोट डालने नहीं गए उनसे पुन: संपर्क करें। इस काम में बच्चों के समूह का सहयोग भी लिया जाए। डीएम ने कहा कि मतदान के दिन 843 स्थानों पर मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। एनसीसी और स्काउट गाइड का भी सहयोग लिया जाएगा। अच्छा कार्य करने वाले वालेंटियर को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। 90 प्रतिशत प्लस मतदान को सफल बनाना है।
हैंडपंप, सड़क और बिजली व्यवस्था ठीक कराने के आदेश
डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो