बांदा। आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में वालीबाल (बालक) दाखिले के लिए यहां आयोजित दो दिवसीय प्रदेशस्तरीय चयन/ट्रायल में शनिवार को खत्म हो गया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित ट्रायल मैचों में प्रदेश के सभी 18 मंडलों के खिलाड़ी शामिल हुए। तीन और चार मार्च को बालिकाओं का चयन ट्रायल होगा।
डीएम हीरालाल के प्रयासों से आयोजित प्रदेश स्तरीय ट्रायल मैचों में 75 खिलाड़ी शामिल हुए। इनमें 50 बालक थे। फिजिकल, स्किल, खेल कौशल, मेडिकल आदि के टेस्ट और ट्रायल में सफल इन खिलाड़ियों को 15 दिवसीय केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित किया गया है। यह शिविर भी बांदा स्पोर्ट्स स्टेडियम में ही 11 मार्च से 25 मार्च तक होगा। ट्रायल चयन के लिए खेल निदेशायल, उत्तर प्रदेश से चयन समिति गठित की गई है।
इसमें क्रीड़ाधिकारी आनंद बिहारी श्रीवास्तव (बांदा), केके पांडेय (देवरिया), साधना सिंह (लखनऊ) शामिल रहीं। ट्रायल मैचों का उद्घाटन खिलाड़ियों से परिचय लेकर अधिवक्ता संघ पूर्व अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी जीतू, वालीबाल संघ सचिव शिव कुमार गुप्ता, जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव वासिफ जमां खां, सेवानिवृत्त क्रीड़ाधिकारी सबल सिंह ने किया। स्टेडियम के कोच जितेंद्र सिंह यादव और जावेद अहमद भी शामिल रहे। मेजबान बांदा स्पोर्ट्स स्टेडियम के क्रीड़ाधिकारी ने सभी खिलाडिय़ों और चयन समिति के सदस्यों आदि का आभार जताया। साथ ही इस आयोजन के लिए डीएम को सराहा। क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि तीन व चार मार्च को यहां स्पोर्ट्स स्टेडियम में अब बालिकाओं का चयन ट्रायल होगा।