अमर उजाला ब्यूरो
नरैनी (बांदा)।
ग्राम प्रधान संघ की बैठक में मनरेगा मजदूरों का कई माह से भुगतान न होने पर रोष जताया गया। चेतावनी दी कि शीघ्र मजदूरी नहीं दी गई तो योजना के तहत सभी काम बंद कर देंगे। बुधवार को ब्लाक सभागार में अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संघ जिलाध्यक्ष संकटा प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि मजदूरी न मिलने पर मजदूर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
ब्लाक अध्यक्ष जगमोहन सिंह यादव ने बताया कि कई माह से मजदूरी नहीं दी गई। इससे प्रधानों की छवि खराब हो रही है। मजदूर भुगतान हड़पने के आरोप मढ़ रहे हैं। साथ ही शासन-प्रशासन द्वारा शीघ्र भुगतान मजदूरों के खातों में न भेजने पर मनरेगा कार्य ठप करने का निर्णय लिया। इसके अलावा बैठक में अक्तूबर में होने वाले मंडलीय सम्मेलन तैयारियों की रणनीति बनाई गई।
कुछ प्रधानों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां दी गईं। इस अवसर पर ब्रजजीवन यादव, सुमनलता पटेल, राकेश राजपूत, कामता सोनकर, हरीराम सोनकर, मीरा देवी, सियादुलारी आदि प्रधान मौजूद रहे।
-प्रधानों की छवि खराब हो रही
-मजदूर भुगतान हड़पने के आरोप मढ़ रहे