बांदा। रक्षाबंधन में प्रदेश की योगी सरकार ने बुंदेलखंड की साढ़े 56 हजार महिलाओं को ‘राखी गिफ्ट’ दिया। भाइयों को राखी बांधने के लिए इन महिलाओं ने 24 घंटे में 27 लाख रुपये से भी ज्यादा की मुफ्त यात्रा की। सरकार ने महिलाओं के किराए की रकम परिवहन निगम को अदा कर दी है। चित्रकूटधाम मंडल में सबसे ज्यादा राखी की मुफ्त यात्रा हमीरपुर की महिलाओं ने की।
पिछले हफ्ते सोमवार को रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए 24 घंटे मुफ्त यात्रा की सौगात दी थी। कहा था कि महिलाओं का किराया सरकार अदा करेगी। सीएम की इस घोषणा पर फौरी तौर पर अमल भी हुआ है।
एक हफ्ते से पहले ही परिवहन निगम के खाते में महिलाओं का किराया अदा कर दिया गया। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों में रक्षाबंधन पर्व पर कुल 56,605 महिला यात्रियों ने मुफ्त यात्रा की थी। इनमें सबसे ज्यादा 15,469 महिलाएं बांदा जनपद की हैं।
इनका किराया 8,28,102 रुपये निगम को सरकार से मिल गया है। महोबा में 14,084 महिलाओं ने यात्रा की। इनका किराया 7,53,406 रुपये अदा किया गया है। हमीरपुर जनपद में कुल 27,052 महिलाओं ने राखी के दिन रोडवेज की बसों में सफर किया। इनकी किराया राशि 11,29,402 रुपये सरकार ने निगम के खाते में भेज दी है।
बांदा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम और वरिष्ठ स्टेशन प्रबंधक अरुण सिंह ने बताया कि आम दिनों और अन्य पर्वों की अपेक्षा रक्षाबंधन पर रोडवेज को आमदनी ज्यादा हुई। बांदा डिपो को 17,73,117 रुपये, महोबा डिपो को 17,52,196, हमीरपुर डिपो को 10,70,512 रुपये और राठ डिपो को 12,10,892 किराये के रूप में हासिल हुआ।
-रक्षाबंधन पर महिलाओं का किराया सरकार ने अदा किया
-24 घंटे मिली थी महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा
-मंडल के चारों डिपो की सरकार ने की भरपाई
अमर उजाला ब्यूरो